1 अप्रैल से सरसों और चना की एमएसपी पर खरीद शुरू, 20 मार्च से किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा

Update: 2026-03-11 13:50 GMT


चित्तौड़गढ़। राजफेड के उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ जिले में रबी सीजन 2026 के तहत किसानों से सरसों एवं चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण 20 मार्च से शुरू होगा।

राजफेड के अनुसार सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6,200 रुपये प्रति क्विंटल तथा चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सरसों एवं चना विक्रय के इच्छुक किसान स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर अथवा ई-मित्र केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे।

किसानों से प्राप्त उपज की खरीद केवल ऑनलाइन गिरदावरी में दर्ज फसल के अनुसार ही की जाएगी तथा जिंस की तुलाई भी उसी आधार पर होगी। समर्थन मूल्य पर खरीद किसानों की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से की जाएगी।

भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नैफैड के लिए समर्थन मूल्य पर खरीद 60 दिवस की अवधि में की जाएगी। किसान पूर्व की भांति एफएक्यू गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी फसल को क्रय-विक्रय सहकारी समिति या ग्राम सेवा सहकारी समिति के खरीद केंद्रों पर बेच सकेंगे।

किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए राजफेड द्वारा कॉल सेंटर नंबर 18001806001 स्थापित किया गया है। किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी फसल को साफ-सुथरा कर तथा छानकर ही क्रय केंद्रों पर लाएं, ताकि गुणवत्ता मानकों के अनुसार खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से की जा सके।

Similar News