ट्रेलर में घुसी ईको कार, मथानिया के 3 दोस्तों की मौत, 1 गंभीर

Update: 2026-03-19 15:23 GMT


भीलवाड़ा हलचल। पांचू थाना क्षेत्र के अंतर्गत भारतमाला सड़क पर बुधवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। देशनोक करणी माता के दर्शन करने जा रहे जोधपुर के चार युवक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गए। बूंगड़ी से पांचू की ओर जा रही एक ईको गाड़ी आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

करणी माता के दर्शन करने जा रहे थे युवक

हादसे का शिकार हुए चारों युवक जोधपुर जिले के मथानिया निवासी थे। जानकारी के अनुसार, सभी युवक बुधवार रात ईको गाड़ी में सवार होकर देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए निकले थे। रात करीब 2:15 बजे अचानक उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

तीन की मौके पर मौत, एक बीकानेर रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही पांचू और बूंगड़ी की पेट्रोलिंग टीमें रात करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया।

मृतक: चेतनराम बंजारा, मुकेश चौकीदार और बुधाराम मेघवाल (तीनों निवासी मथानिया) की मौके पर ही मौत हो गई।

घायल: चौथे युवक राकेश मेघवाल की हालत अत्यंत गंभीर होने पर उसे पांचू सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस बल ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही पांचू थाने के एएसआई गंगाराम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। गुरुवार सुबह एडिशनल एसपी बनवारीलाल मीणा, पांचू थानाधिकारी राजीव रॉयल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Similar News