चिताम्बा: रावणा राजपूत समाज की बैठक में चौहान निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
चित्तौड़गढ़/चिताम्बा। रावणा राजपूत समाज मेवाड़ मंदारिया सिलोटी आम चौखला की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को आवरा माता मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में समाज के सर्वांगीण विकास और नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से चिताम्बा निवासी गोपाल सिंह चौहान को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक की शुरुआत में पूर्व अध्यक्ष कैलाश सिंह ने अपनी वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया और समाज के आय-व्यय का पूर्ण ब्योरा पंचों के समक्ष रखा। इसके पश्चात नवीन अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई।
7 नामों के प्रस्ताव के बीच बनी आम सहमति
अध्यक्ष पद के लिए समाज के विभिन्न क्षेत्रों से 7 प्रमुख नामों का प्रस्ताव आया। सभी प्रस्तावों पर चौखला के पंचों और उपस्थित समाजजनों ने गहन विचार-विमर्श किया। अंत में, समाज की एकता और एकजुटता का परिचय देते हुए सभी ने चिताम्बा निवासी गोपाल सिंह चौहान के नाम पर अपनी सहमति जताई, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
सामाजिक विकास के संकल्प: बनेगी 'आवरा माता सराय'
नवनियुक्त अध्यक्ष और पंचों ने सामाजिक विकास के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया। बैठक में आवरा माता मंदिर पर एक भव्य 'सराय' (विश्राम गृह) निर्माण के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा की गई। सभी पंचों ने इस पर अपने विचार व्यक्त किए और समाज हित में इस परियोजना को जल्द शुरू करने की बात कही। बैठक में बड़ी संख्या में चौखला के पंच और रावणा राजपूत समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।