हिंदू नववर्ष पर चित्तौड़गढ़ में उमड़ा जनसैलाब: शोभायात्रा के साथ समारोह का समापन
चित्तौड़गढ़। हिंदू नववर्ष स्वागत आयोजन समिति के तत्वावधान में विक्रम संवत 2083 का स्वागत समारोह पूर्वक किया गया। गुरुवार प्रातः शहर के प्रमुख चौराहों पर मातृशक्ति द्वारा राहगीरों को तिलक लगाकर नीम, मिश्री व काली मिर्च का प्रसाद वितरित किया गया। सायंकाल इंदिरा गांधी स्टेडियम से विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो शास्त्री नगर, कलेक्ट्रेट और रोडवेज बस स्टैंड होते हुए सुभाष चौक पहुँची।
शोभायात्रा में उज्जैन के महाकाल की सजीव झांकी और महापुरुषों के चित्र आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान बालिकाओं ने अखाड़ा प्रदर्शन कर हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसमें नन्ही बालिकाओं ने रानी लक्ष्मीबाई के रूप में शस्त्र संचालन किया। सुभाष चौक में भारत माता की आरती के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर हेमंत जैन, दिनेश चंद्र भट्ट, अनिरुद्ध सिंह भाटी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।