सरसों की आड़ में अफीम की खेती का भंडाफोड़: 6 करोड़ के पौधे जब्त, आरोपी गिरफ्तार
फलोदी (बीएचएन)। फलोदी जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ढढू क्षेत्र में सरसों की फसल के बीच छिपाकर की जा रही अफीम की खेती का खुलासा करते हुए पुलिस ने 25,800 हरे पौधे जब्त किए हैं।
सरसों की आड़ में छिपाई थी खेती
जिला स्पेशल टीम (DST) को सूचना मिली थी कि आरोपी मगनाराम पुत्र बलवन्ताराम विश्नोई ने अपने खेत में सरसों की फसल के बीच अफीम उगा रखी है, ताकि किसी की नजर उस पर न पड़े। पुलिस ने जब खेत में छापा मारा, तो सरसों के बीच अफीम के हजारों पौधे लहलहाते मिले।
6 करोड़ रुपए आंकी गई कीमत
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए 25,800 पौधों से लगभग 125 किलो अफीम का उत्पादन होने का अनुमान था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी मगनाराम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने कम समय में अमीर बनने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लालच में यह अवैध खेती शुरू की थी।
पुलिस टीम की बड़ी कामयाबी
पुलिस अधीक्षक फलोदी कुंदन कंवरिया (IPS) के निर्देशानुसार, एएसपी ब्रजराजसिंह चारण और वृताधिकारी अचलसिंह के सुपरविजन में फलोदी पुलिस और डीएसटी ने इस संयुक्त कार्रवाई को सफल बनाया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।