श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ रोड पर ट्रैक्टर मार्केट में बड़ी चोरी: 6.5 लाख की नकदी गायब, पुलिस जांच में संदिग्धों की पहचान

Update: 2026-02-06 10:07 GMT


श्रीगंगानगर,। श्रीगंगानगर में सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सूरतगढ़ रोड पर स्थित ट्रैक्टर और ऑटोमोबाइल मार्केट में एक दो मंजिला इमारत में चोरी की सनसनीखेज वारदात हुई है। इस घटना में चोरों ने इमारत के भूतल और प्रथम तल पर स्थित दोनों हिस्सों को निशाना बनाया, जहां से कुल मिलाकर 6.60 लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी हो गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज से तीन संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है।

जानकारी के अनुसार इमारत के मालिक ओमप्रकाश बवेजा (57) निवासी ब्रह्म कॉलोनी का ऑफिस प्रथम तल पर स्थित है, जहां वे कमेटियों का संचालन करते हैं। चोरों ने यहां से 6.50 लाख रुपये की नकदी चुराई जो कमेटी सदस्यों से इकट्ठा की गई थी। बवेजा ने बताया कि वे पहले आरओ, बैटरी और इनवर्टर का कारोबार करते थे, जिसे बंद करने के बाद उन्होंने कमेटी संचालन का काम शुरू किया। उनका पुराना सामान भी इसी इमारत में रखा हुआ था, लेकिन चोरों ने मुख्य रूप से नकदी पर हाथ साफ किया। ऑफिस में रखी लोहे की अलमारी का बाहरी और आंतरिक ताला तोड़कर चोरों ने सारा सामान बिखेर दिया।

इमारत के प्रथम तल के दूसरे हिस्से में स्थित भूमिका ऑटोमोबाइल्स के संचालक नरेंद्रसिंह मेहरा ने बताया कि उनके यहां से लगभग 10 हजार रुपये की नकदी और कुछ छोटा-मोटा सामान चोरी हुआ है। भूतल पर दो हिस्से हैं, जिनमें से एक हिस्से में पास की चाय-दूध की दुकान चलाने वाला व्यक्ति रात को अपना सामान रखता है। चोरों ने पहले इस हिस्से की तलाशी ली, लेकिन वहां कुछ न मिलने पर वे सीढ़ियों से ऊपरी मंजिल पर पहुंचे। यहां दरवाजे, अलमारियां और दराजों के ताले तोड़कर उन्होंने चोरी की।

पुलिस के अनुसार यह वारदात 2-3 फरवरी की रात लगभग 11 बजे से 3 बजे के बीच हुई। चोरों ने मुख्य शटर पर लगे ताले तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर साइड वाली गली के गेट को तोड़ा, जहां से सीढ़ियां हैं। इमारत में खुद कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, लेकिन आसपास की दुकानों के कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनका एक साथी गली में टहलता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस का मानना है कि यह साथी घटना के दौरान निगरानी कर रहा था।

ओमप्रकाश बवेजा और नरेंद्रसिंह मेहरा को 3 फरवरी की सुबह दुकान आने पर चोरी होने का पता चला तो तुरंत सदर थाने में सूचना दी। शुरू में पुलिस को कुछ शक हुआ, इसलिए दो दिनों तक जांच की। जब चोरी की पुष्टि हुई तब कल शाम को बवेजा और मेहरा की संयुक्त रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार को सौंपी गई है, जिन्होंने आज घटनास्थल का दौरा कर जांच-पड़ताल की। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है। हालांकि पुलिस को यह शक भी है कि बवेजा के ऑफिस में इतनी बड़ी रकम वास्तव में रखी हुई थी या नहीं और इसकी जांच की जा रही है।

Similar News