पाली/रोहट। वन विभाग ने नाका कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में अवैध पेड़ों को काटकर परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया। यह कार्रवाई जैतपुर थाना क्षेत्र की सीमा में वनकर्मी मूलाराम बिश्नोई द्वारा की गई। जब्त ट्रक में राज्य वृक्ष, खेजड़ी, रोहिड़ा और नीम की गीली लकड़ी भरी हुई थी।
राज्य सरकार ने कल ही जोधपुर और बीकानेर संभाग में अवैध पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई थी। बीकानेर में चल रहे धरना प्रदर्शन के बाद यह आदेश जारी किया गया था। वन विभाग की इस कार्रवाई से स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों में खुशी और संतोष देखा गया।
इस मौके पर पर्यावरण प्रेमी बिश्नोई टाइगर फोर्स जिलाध्यक्ष भैरा राम ईराम, गंगा राम शहिद स्थल के अध्यक्ष हेमराम पंवार, मनोहर लाल गीला, राकेश ईराम, नेनाराम खिलेरी, अशोक जानी, लादू डुडी, वकील सुनील डुडी, श्रवण बेनीवाल, भजन लाल जांगू, प्रदीप ईराम, राजू ढाका कलाली सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और इस कार्रवाई से उन्हें थोड़ी राहत मिली है। उन्होंने सरकार और वन विभाग से अपील की कि ऐसे अवैध परिवहन पर सख्ती जारी रखी जाए।