देसूरी नाल में भीषण सड़क हादसा, 13 लोग गंभीर घायल

Update: 2026-01-24 06:47 GMT

पाली । जिले के देसूरी नाल क्षेत्र में शनिवार अल सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पंजाब मोड़ के ऊपर एक तूफान वाहन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल ब्यावर से आबूरोड की ओर केटरिंग कार्य के लिए जा रहे थे।

टक्कर इतनी तेज थी कि तूफान वाहन में सवार सभी 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। देसूरी, नाडोल, सादड़ी और बाली से 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को देसूरी उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉ. राजकुमार और डॉ. करण कुमार सहित चिकित्सा स्टाफ ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए 11 लोगों को आगे के इलाज के लिए पाली रेफर किया गया।

घायलों की पहचान संजय (23, फिरोजाबाद), मनोज (35, आगरा), राजा (30, आगरा), मनोज (22, फिरोजाबाद), सीताराम (40, टोडारायसिंह), सौरभ (19, आगरा), जितू जांगिड़ (28, अलवर), पंकज (23, फिरोजाबाद), राजू (21, बलाडा जेतारण), सलीम (40, सारणिया ब्यावर), रतन (25, सेवारिया जेतारण) और उमेश (20, आगरा) के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर देसूरी थानाधिकारी ऊर्जाराम पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरा हादसे के संभावित कारण बताए जा रहे हैं।

देसूरी नाल क्षेत्र को हादसों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। इस मार्ग पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा उपाय बढ़ाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

Similar News