विनोद जाखड़ बने NSUI के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, रचा 55 साल का इतिहास

Update: 2026-02-20 09:13 GMT

 नई दिल्ली/जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राजस्थान की छात्र राजनीति के कद्दावर नेता विनोद जाखड़ को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति राजस्थान के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण है, क्योंकि NSUI के 55 साल के लंबे इतिहास में यह पहली बार है जब संगठन की कमान राजस्थान के किसी चेहरे को सौंपी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष के रूप में रहा दमदार प्रदर्शन

विनोद जाखड़ वर्तमान में राजस्थान NSUI के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे। जनवरी 2024 में प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही वे छात्र राजनीति के केंद्र में रहे। उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग और छात्र हितों से जुड़े कई बड़े आंदोलनों का आक्रामक नेतृत्व किया, जिसके चलते उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा।

राहुल गांधी और खड़गे का बढ़ा भरोसा

विनोद जाखड़ को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के 'यूथ विजन' का भरोसेमंद माना जाता है। उनके जमीनी संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए ही उन्हें अब राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों के हक की आवाज बुलंद करने की जिम्मेदारी दी गई है। जाखड़ की इस नियुक्ति के बाद राजस्थान के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं में खुशी की लहर है।

Similar News