करंट लगाकर कुएं में फेंकने का आरोप, विवाहिता की मौत से मचा हड़कंप

Update: 2026-02-20 08:25 GMT

अलवर । अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर महिला को पहले करंट लगाने और फिर कुएं में फेंककर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान उषा बाई (32 वर्ष) निवासी डाबरी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि उषा बाई की शादी वर्ष 2009 में समीपवर्ती नाखनोल निवासी रंजीत से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उषा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि पति और ससुराल वाले आए दिन मारपीट करते और मानसिक रूप से भी उसे टॉर्चर करते थे। पति शराब का आदी था । मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।

मृतका के चाचा पप्पू सिंह ने बताया कि हमे तो दूसरे लोगों ने बताया कि ऊषा की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब अस्पताल पहुंचे तो ऊषा वहां नहीं थी। उसे जयपुर के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन जयपुर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

इस मामले में नौगांव थाना प्रभारी हितेश शर्मा ने बताया कि परिजनों से फोन पर बातचीत की गई है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पीहर पक्ष हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Similar News