बारां में अफ्रीकन चीता 'KP-2' की दस्तक: शिकार की तलाश में बदला ठिकाना, मांगरोल क्षेत्र में बढ़ा मूमेंट

Update: 2026-02-27 11:24 GMT

बारां,। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से राजस्थान के बारां जिले की सीमा में गत एक पखवाड़े से विचरण कर रहा अफ्रीकन चीता kp- 2 अब नये शिकार की तलाश में इधर से उधर भटक रहा है। इससे पूर्व वह एक नीलगाय तथा एक बकरे का शिकार कर चुका है।

कूनो से आए चीता kp - 2 का पिछले एक पखवाड़े से लगातार बारां जिले के किशनगंज तथा मांगरोल क्षेत्र के जंगलों में मूवेंट जारी है। उधर, क्षेत्र के ग्रामीण चीते की सक्रियता से भयभीत भी है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक केपी-2 चीते ने रामगढ़ के ही जंगल में विचरते हुए पार्वती नदी को पार किया। फिर असनावर, घोरिया के जंगलों से निकल कर अब शिकार के लिए मांगरोल के मोरडी, रेनगढ़ इलाके की तरफ मूव किए हुए है। यह इलाका मप्र की सीमा के नजदीक भी पड़ता है।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से इस kp 2 चीते को कोई शिकार नहीं मिल पाया है, इसलिए उसने जगह परिवर्तित की है और मांगरोल क्षेत्र के जंगलों की तरफ निकला है। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।

बारां के उप वन संरक्षक वी. मनिकराव बड़े ने बताया कि कूनो नेशनल पार्क से बारां जिले में पहुंचा अफ्रीकी मेहमान पर वन विभाग तथा कूनो की टीम निगरानी कर रही है। इसे रेनगढ़ तथा मोरडी गांव की सड़क पर घूमता देखा गया है। चीता Kp 2 अब किशनगंज वन रेंज से मांगरोल वन क्षेत्र में आ गया है।

उप वन संरक्षक विवेकानंद माणिक राव ने आमजन व किसानों से अपील की है कि कहीं भी आते जाते समय थोड़ी ऐहतियात बरतें।

उप वन संरक्षक राव ने बताया कि चीता सड़क से उतरकर मोरड़ी के जंगलों की ओर चला गया। यह दिन भर मोरड़ी व पार्वती नदी के जंगलों के आसपास ही विचरण करता रहा। इससे लोगों में दहशत रही। वन विभाग का कहना है कि बीते दिनों से चीते ने कोई शिकार नहीं किया है। संभवतया शिकार के लिए वह लगातार खेतों में पार्वती नदी किनारे स्थित जंगल के आसपास घूम रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि चिता केपी 2 पहले भी एक पखवाड़े तक बारां जिले में ठहराव कर चुका है। यह दूसरा प्रवास है इसलिए यह चीता बारां जिले के जंगलों में पूरी तरह से ढल गया है, वर्तमान में वह सुरक्षित स्थान एवं शिकार को ढूंढ रहा है। फिलहाल चीते का मूवमेंट रेनगढ़, मोरड़ी गांव के जंगलों में है।

Similar News