त्योहार खुशियों का अवसर, आपसी सामंजस्य एवं जिम्मेदारी के साथ मनाएं - कलेक्टर मेहता

Update: 2026-02-27 12:04 GMT


 

उदयपुर,  । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन त्योहारों के अवसर पर उल्लासपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण तथा प्रभावी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में आगामी होली पर्व, रमजान माह समेत आगामी विविध त्योहारों के मद्देनजर विभिन्न समाज संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सीएलजी सदस्यों की मौजूदगी में शुक्रवार को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट नमित मेहता की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में जिला शांति समिति की बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान आगामी त्योहार एवं धार्मिक आयोजन उल्लास के साथ ही शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं जाने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान समिति के विभिन्न सदस्यों ने कानून व्यवस्था, ट्रैफिक एवं अन्य विषयों से संबंधित अपने-अपने सुझाव प्रशासन से साझा किए।

इस अवसर पर कलेक्टर मेहता ने कहा कि त्योहार खुशियों का अवसर है, कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, त्योहारों के मद्देनजर आपसी सामंजस्य और जिम्मेदारी पूर्वक त्योहार मनाएं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हम सभी यह सुनिश्चित करें कि हमारी वजह से किसी अन्य को परेशानी न हो। माहौल अनावश्यक रूप से तनावपूर्ण न बनें इस हेतु यह सुनिश्चित करें कि शराबी एवं नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग सामाजिक कार्यक्रमों में भाग न ले।

उन्होंने कहा कि विविध सामाजिक आयोजनों की सूचना सही समय पर पुलिस प्रशासन को दें, सीसीटीवी कैमरों से सभी सार्वजनिक स्थलों की सतत निगरानी की जा रही है, सभी विभागों को संबंधित कार्य व्यवस्था के दिशानिर्देश दिए जा चुके है ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को परेशानी न हो। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का विशेष रूप से पालन करने की बात कहीं।

अफवाहें फैलाने से बचें, अन्यथा होगी कड़ी कार्रवाई - एसपी गोयल

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने कहा कि आपसी सामंजस्य और सद्भावना के साथ त्योहार मनाएं, कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। सोशल मीडिया की अफवाहें, एआई द्वारा जनित आपत्तिजनक कंटेंट, शेयर आदि न करें, इस संबंध में तत्काल पुलिस को सूचना दें। एसपी गोयल ने कहा कि आपत्तिजनक कंटेंट शेयर अथवा वायरल करने वाला व्यक्ति भी उतना ही जिम्मेदार होगा जितना उसे बनाने वाला होगा ऐसे में दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, एडिशनल एसपी उमेश ओझा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न थानाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।

Similar News