प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खेत की झोपड़ी में चल रही ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1.60 करोड़ की एमडी जब्त
प्रतापगढ़: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हथुनिया थाना क्षेत्र के असावता-कुलथाना मार्ग पर एक सुनसान खेत में बनी झोपड़ी में चल रही मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में हुई इस छापेमारी में अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.60 करोड़ रुपए कीमत की करीब 1 किलो 897 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। मौके से ड्रग्स बनाने का आधुनिक मिनी सेटअप, जिसमें इंडक्शन कुकर, मिक्सर, हीटर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा शामिल है, जब्त किया गया है।
मुख्य अपडेट:
गिरफ्तारी: पुलिस ने मौके से मुराद खान पठान (प्रतापगढ़) और मोहम्मद जुनेद (मेहसाणा, गुजरात) को गिरफ्तार किया है।
फरार आरोपी: अंधेरे का फायदा उठाकर जीवन आंजना (प्रतापगढ़) और शरीक उर्फ जेरी (उज्जैन, म.प्र.) फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
अवैध हथियार: मुख्य आरोपी मुराद खान के पास से एक लोडेड पिस्टल और 5 कारतूस भी मिले हैं। तस्करी में इस्तेमाल बाइक और कार भी जब्त की गई है।
आपराधिक रिकॉर्ड: आरोपी मुराद खान पहले से ही हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित रहा है।
