सांवरिया सेठ को बिजनेसमैन ने भेंट किया महिंद्रा ट्रैक्टर

Update: 2026-03-07 06:54 GMT

मंडफिया (चित्तौड़गढ़)। प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवरिया सेठ के दरबार में शुक्रवार को आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। चित्तौड़गढ़ जिले के कूथना निवासी और 'सांवरिया ट्रैक्टर्स' के मालिक गोविंदलाल विजयवर्गीय ने अपने परिवार के साथ भगवान के चरणों में करीब 7.11 लाख रुपए की कीमत का महिंद्रा ट्रैक्टर भेंट किया। विजयवर्गीय ने मंदिर मंडल के पदाधिकारियों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपी, जिसके बाद मंदिर प्रशासन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

व्यापार की सफलता का श्रेय ठाकुर जी को

महिंद्रा ट्रैक्टर की एजेंसी संचालित करने वाले गोविंदलाल विजयवर्गीय ने बताया कि उनके व्यवसाय का नाम भी भगवान के नाम पर ही है और वे अपनी हर सफलता का श्रेय सांवरिया सेठ को देते हैं। उन्होंने कहा, "सबकुछ इन्हीं की वजह से है। व्यापार में जब भी मुनाफा होता है, उसका एक हिस्सा भगवान के चरणों में अर्पित करना हमारी पारिवारिक परंपरा है।" गौरतलब है कि विजयवर्गीय परिवार ने पिछले साल मार्च में भी मंदिर को एक ट्रैक्टर भेंट किया था।

मंदिर की खेती और गौशाला में आएगा काम

दान किए गए इस ट्रैक्टर का उपयोग मंदिर मंडल की विशाल भूमि पर खेती करने, गौशाला के लिए हरा चारा लाने और पानी के टैंकर खींचने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाएगा। परिवार के सदस्यों ने इस सेवा को अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि भगवान की कृपा से ही व्यापार में निरंतर तरक्की हो रही है और वे भविष्य में भी इसी तरह की सेवा जारी रखेंगे।

Tags:    

Similar News