राजस्थान जन विश्वास विधेयक 2026: विधायक कृपलानी ने किया पुरजोर समर्थन, अफीम काश्तकारों की पीड़ा भी सदन में गूँजी

Update: 2026-03-05 17:00 GMT

 निंबाहेड़ा। राजस्थान विधानसभा में बजट सत्र के दौरान प्रस्तुत राजस्थान जन विश्वास विधेयक 2026 पर चर्चा के दौरान निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने सदन में अपनी ओर से महत्वपूर्ण सुझाव रखते हुए विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा आमजन के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।

चर्चा के दौरान विधायक कृपलानी ने विशेष रूप से क्षेत्र के अफीम काश्तकारों से जुड़े मुद्दों को सदन के समक्ष रखा। उन्होंने केंद्र सरकार के एनडीपीएस कानून की धारा 8/29 का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रावधान के कारण कई बार वैध अफीम काश्तकारों एवं स्थानीय निवासियों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे किसानों में असमंजस और भय की स्थिति बनी रहती है।

विधायक कृपलानी ने कहा कि मेवाड़ एवं हाड़ौती क्षेत्र के कई जिलों में बड़ी संख्या में किसान अफीम की वैध खेती करते हैं, जो उनकी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में कानून की कुछ धाराओं के कारण उत्पन्न होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने सदन में राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह इस विषय में केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 को समाप्त करने या उसमें आवश्यक संशोधन कराने की दिशा में पहल करे, ताकि काश्तकारों एवं स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य और केंद्र सरकार के बीच बेहतर संवाद और सहयोग आवश्यक है। इससे न केवल किसानों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि कृषि आधारित आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।

विधायक कृपलानी ने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे विषयों पर सकारात्मक निर्णय लेकर किसानों को राहत प्रदान करना समय की मांग है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाएगी।

Similar News