नरसाखेड़ी में 'जल मंदिर' का लोकार्पण: पूर्व मंत्री आंजना ने दी श्रद्धांजलि
निंबाहेड़ा। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की परंपरा को जीवंत रखते हुए गुरुवार को निंबाहेड़ा उपखंड के ग्राम नरसाखेड़ी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना एवं भेरूलाल आंजना ने स्वर्गीय ऊंकारलाल जी आंजना की पुण्य स्मृति में नवनिर्मित ‘जल मंदिर’ (वाटर कूलर) का विधिवत लोकार्पण किया।
यह जनोपयोगी जल सेवा केंद्र स्व. ऊंकारलाल जी के परिजनों—पूर्व सरपंच कैलाश चंद्र आंजना, अमर सिंह आंजना और मनोहर सिंह आंजना द्वारा जनहित में स्थापित कराया गया है। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने स्वर्गीय आंजना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
"प्यासे को पानी पिलाना सर्वोच्च सेवा"
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि जल ही जीवन है और प्यासे की प्यास बुझाना मानव सेवा का सबसे पुनीत कार्य है। उन्होंने स्वर्गीय ऊंकारलाल जी को याद करते हुए उन्हें एक सरल और समर्पित व्यक्तित्व बताया, जो सदैव समाज के कल्याण के लिए तत्पर रहते थे।
गरिमामयी उपस्थिति और सम्मान
कार्यक्रम में छोटी सादड़ी पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष सुभाष चंद्र शारदा, गोपाल आंजना, पुरुषोत्तम झवर सहित राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उज्जैन से आए आंजना समाज के प्रतिनिधियों ने पूर्व मंत्री आंजना को भगवान महाकाल की तस्वीर भेंट कर अभिनंदन किया।
‘कृष्णराज’ आवास का गृह प्रवेश समारोह
इसी दौरान मनोहर सिंह आंजना के नवीन आवास ‘कृष्णराज’ का गृह प्रवेश समारोह भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस बंगले की प्रोजेक्ट आर्किटेक्ट सुचिता आंजना (पुत्री मनोहरलाल आंजना) हैं, जो वर्तमान में दुबई और केरला के बड़े प्रोजेक्ट्स पर कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर सुचिता आंजना का शॉल ओढ़ाकर विशेष सम्मान किया गया।
