सांवलिया सेठ का खजाना: दूसरे चरण की गिनती में निकले 7.25 करोड़, अब तक कुल 17.90 करोड़ का चढ़ावा

Update: 2026-03-05 16:22 GMT

मंडफिया/चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में चतुर्दशी पर खोले गए भंडार की राशि की गणना गुरुवार को दो दिनों के अंतराल के बाद पुनः शुरू हुई। राजभोग आरती के पश्चात मंदिर मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में शुरू हुई दूसरे दौर की गिनती में नोटों की भारी खेप सामने आई है।

दो चरणों में 18 करोड़ के करीब पहुँचा आंकड़ा

मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि गुरुवार को हुई दूसरे चरण की गणना में 7 करोड़ 25 लाख 80 हजार रुपए की नकद राशि प्राप्त हुई है। इससे पूर्व 2 मार्च को हुई प्रथम चरण की गिनती में 10 करोड़ 65 लाख रुपए निकले थे। दोनों चरणों को मिलाकर अब तक कुल 17 करोड़ 90 लाख 80 हजार रुपए की राशि गिनी जा चुकी है। शेष बची राशि और सिक्कों की गिनती अब शुक्रवार को तीसरे दौर में की जाएगी।

ग्रहण और फूलडोल के कारण दो दिन रुकी रही गणना

विदित रहे कि 2 मार्च को भंडार खोलने के बाद गणना कार्य लगातार नहीं हो सका था। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और सूतक के प्रभाव के कारण मंदिर की धार्मिक मान्यताओं के चलते गिनती कार्य स्थगित रहा। वहीं 4 मार्च को मंदिर में आयोजित भव्य 'फूलडोल महोत्सव' की व्यस्तताओं के कारण भी काउंटिंग नहीं हो पाई थी। दो दिनों के विश्राम के बाद गुरुवार सुबह से पुनः गणना कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया।

भंडार से निकलता है आस्था का सैलाब

सांवलिया सेठ के दरबार में देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर दिल खोलकर चढ़ावा अर्पण करते हैं। भंडार से निकली इस भारी भरकम राशि की गिनती के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच भारी कौतूहल और उत्सुकता बनी रही। पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षाकर्मियों के साये में नोटों के बंडल बनाने और मिलान करने का कार्य देर शाम तक चलता रहा।

Similar News