फैक्‍ट्री से काम कर लौट रहे मजदूर की इलाज के दौरान मौत, मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

Update: 2025-05-27 09:51 GMT
  • whatsapp icon

सोनियाणा /गंगरार (ठाकुर सालवी)। सोनियाणा स्थित एक ग्लास फैक्ट्री में काम करने के बाद घर लौट रहे मजदूर देवी लाल कीर की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जिसके बाद मुआवजे की मांग उठने लगी है। मृतक बरड़ौद मोहनपुरा गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, देवी लाल कीर की ड्यूटी से लौटते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत हमीरगढ़ चिकित्सालय ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें भीलवाड़ा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सोमवार को देवीलाल के परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि श्रमिक की मृत्यु फैक्ट्री परिसर के बाहर हुई है, इसलिए वे जिम्मेदार नहीं हैं। इस बात को लेकर श्रमिकों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जानकारी ली। लगभग दो घंटे तक श्रमिक के परिजनों और फैक्ट्री प्रशासन के बीच बातचीत चली। अंततः, फैक्ट्री प्रशासन द्वारा डेढ़ लाख रुपये का मुआवजा, मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन और आश्रित को नौकरी देने पर सहमति बनने के बाद परिजन धरने से उठे। ठेकेदार ने भी उचित मुआवजा देने का वादा किया है। 

Tags:    

Similar News