अवैध काली फिल्म पर पुलिस का एक्शन, चित्तौड़गढ़ में चला विशेष अभियान

Update: 2026-02-12 11:51 GMT

 चित्तौड़गढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बीती रात आपसी विवाद में एक युवक के अपहरण की घटना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्मों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

निर्देशों की पालना में गुरुवार को यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह और यातायात पुलिस उप अधीक्षक के मार्गदर्शन में टीम ने दर्जनों संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके शीशों पर लगी काली फिल्म मौके पर ही हटवाई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को दोबारा काली फिल्म नहीं लगाने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधी अक्सर पहचान छुपाने और वारदात को अंजाम देने के लिए काली फिल्म लगे वाहनों का उपयोग करते हैं। हाल ही में सामने आए अपहरण प्रकरण को देखते हुए यह कार्रवाई सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ चालान, वाहन जब्ती और अन्य कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Similar News