मलेरिया और मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ विशेष अभियान 1 अप्रैल से

By :  vijay
Update: 2026-03-30 17:00 GMT

चित्तौड़गढ़। जिले में मच्छर जनित एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 अप्रैल से 14 मई तक मलेरिया क्रैश कार्यक्रम का प्रथम चरण चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि सभी चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हाई रिस्क क्षेत्रों और संभावित पॉजिटिव केस वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखते हुए पीएचसी एवं सीएचसी स्तर पर टीमों द्वारा कार्यवाही की जाएगी। अभियान के तहत घर-घर सर्वे कर बुखार के मरीजों की पहचान, रक्त जांच, पॉजिटिव पाए जाने पर त्वरित उपचार और मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर लार्वा रोधी गतिविधियां तेज की जाएंगी।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुनीत कुमार तिवारी ने बताया कि सर्वे दलों को आईईसी अवेयरनेस, सोर्स रिडक्शन एवं एंटी लार्वा गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। खाली प्लॉट, गड्ढों एवं नालियों में टेमीफोस डालकर लार्वा नष्ट किया जाएगा। सीएमएचओ ने आमजन से अपील की है कि प्रत्येक रविवार को 'ड्राय डे' मनाएं और पानी के संग्रहण स्थलों को सप्ताह में एक बार साफ व सूखाकर ही पुनः उपयोग में लें।

Similar News