चित्तौड़गढ़ । राज्य कृषि प्रबंध संस्थान, दुर्गापुरा (जयपुर) में मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र के लिए क्रांतिकारी पहल "भारत विस्तार" पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी एवं प्रदेश के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने डिजिटल माध्यम से इस सेवा को राष्ट्र को समर्पित किया।
"भारत विस्तार" कृषि क्षेत्र के लिए एक बहुभाषी, एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित संवादात्मक परामर्श प्रणाली है। यह प्रणाली एग्रीस्टैक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), भारतीय मौसम विभाग (IMD) और विभिन्न मंडी मूल्यों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत करती है।
प्रमुख लाभ
इसके माध्यम से किसानों को परामर्श सेवाएं, मंडी भाव, कृषि ऋण, फसल बीमा तथा सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी मिल सकेगी, जिससे कृषि उत्पादकता बढ़ेगी और जोखिम कम होगा।
कैसे उठाएं लाभ
किसान इस सुविधा का लाभ मोबाइल ऐप के माध्यम से या हेल्पलाइन नंबर 155261 पर कॉल करके ले सकते हैं।
चित्तौड़गढ़ जिले में उत्साहजनक सहभागिता
डॉ. शंकर लाल जाट, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) ने बताया कि जिला कलक्टर आलोक रंजन के सानिध्य में इस कार्यक्रम का जिले भर में वेबकास्टिंग के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। जिले के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित इस लाइव टेलीकास्ट कार्यक्रम में कृषि विभाग के 204 अधिकारियों-कार्मिकों तथा जिले के 3255 प्रगतिशील कृषकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी प्राप्त की।
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने इस अवसर पर कहा कि "भारत विस्तार" जैसी एआई आधारित प्रणाली किसानों और विभाग के बीच की दूरी को कम करेगी तथा किसानों को घर बैठे विशेषज्ञों की सलाह उपलब्ध कराएगी।
