चित्तौड़गढ़, । जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला कलक्टर ने जनसमस्याओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। साथ ही राज्य सरकार की फ्लैगशिप एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
परिवादियों से सीधे संवाद पर जोर
मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को पाबंद किया कि वे प्रत्येक सप्ताह कम से कम 5 परिवादियों के प्रकरणों का अनिवार्य रूप से भौतिक या टेलीफोनिक सत्यापन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सत्यापन प्रक्रिया में उन प्रकरणों को प्राथमिकता दी जाए जिनमें परिवादी निस्तारण के पश्चात 'असंतुष्ट' रहे हैं या जिनके प्रकरण 'अस्वीकृत' कर दिए गए हैं। इससे परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा
जिला कलक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों के उत्तर और निस्तारण की स्वयं निगरानी करें। उन्होंने निर्देश दिए कि 15 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता पर लेकर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए।
विभागीय अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों को विशिष्ट कार्ययोजना हेतु निर्देशित किया गया। पीएचईडी (PHED) से 'जनता जल योजना' और 'चंबल परियोजना' की प्रगति की समीक्षा की गई। आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।
पीडब्ल्यूडी (PWD) से बजट घोषणाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क और पुलिया निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय एवं पंचायती राज को समस्त पेंशन प्रकरणों का शत-प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करने तथा 'पालनहार योजना' के तहत अध्ययनरत बच्चों के प्रमाण पत्रों का समय पर निर्गमन एवं सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि लाभार्थियों को असुविधा न हो। चिकित्सा विभाग को अस्पतालों में सभी प्रकार की जांच और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (रावतभाटा) विनोद मल्होत्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
