बाल विवाह मुक्त भारत: हिंदुस्तान जिंक कौशल केंद्र पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चित्तौड़गढ़, । बाल विवाह मुक्त भारत 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्टर के निर्देशन में सोमवार को बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा हिंदुस्तान जिंक कौशल केंद्र (टाटा स्ट्राइव सेंटर) पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में बैंकिंग, फ्रंट ऑफिस और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को बाल विवाह की कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक किया गया।
गोपनीय रहेगी शिकायतकर्ता की पहचान
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए बताया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। टीम ने आह्वान किया कि यदि आसपास कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलती है, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर इसकी जानकारी दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
सामूहिक शपथ और विभागीय जानकारी
इस अवसर पर उपस्थित सभी संभागियों और प्रशिक्षकों को बाल विवाह रोकने और इसके विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और बाल संरक्षण कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई
इस जागरूकता कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक नवीन किशोर काकडदा, काउंसलर करण जीनवाल, केस वर्कर इरफान शोरगर, चंदेरिया थाने से कृष्णा चौधरी, प्रोजेक्ट मैनेजर राजकुमार खत्री, प्रशिक्षक अंकुश शर्मा एवं मनीष सोनी सहित केंद्र के प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
