गंगरार में नारकोटिक्स की कार्रवाई, किसान के बाड़े से 323 किलो से अधिक डोडा चूरा जब्त
चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नारकोटिक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अफीम किसानों के बाड़ों से भारी मात्रा में अफीम और डोडा चूरा जब्त किया है। नारकोटिक्स विभाग के उपायुक्त नरेश चंदेल ने बताया कि शनिवार रात विभागीय दल ने गंगरार क्षेत्र के गांव मानसिंहजी का खेड़ा में एक किसान के बाड़े पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने डोडा चूरा से भरी स्कॉर्पियो को नष्ट करने के उद्देश्य से बाड़े में आग लगा दी और भागने का प्रयास किया। आग लगाते समय उसने वहां बंधी भैंसों की भी परवाह नहीं की।
दल के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। जवानों ने जोखिम उठाकर बाड़े में कूदकर दरवाजा खोला और स्कॉर्पियो तथा भैंसों को सुरक्षित बाहर निकाला। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 323 किलो 630 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। विभाग ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।