जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य, अधिकारी पूर्ण सटीकता व पारदर्शिता से कार्य करें-जिला कलक्टर

Update: 2026-02-13 14:00 GMT

 

चित्तौड़गढ़,  । जिले में आगामी जनगणना 2027 को सुव्यवस्थित, प्रभावी और त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला परिषद के ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में दो दिवसीय जिला स्तरीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में किया गया।

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का मिशन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही भविष्य की सरकारी योजनाओं, संसाधन आवंटन और नीति निर्धारण का मुख्य आधार बनते हैं।

उन्होंने फील्ड में डेटा संग्रहण के दौरान प्रगणकों और संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और सचेत किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

जनगणना कार्य निदेशालय, जयपुर से आए उप निदेशक डॉ. पुलकेश शर्मा एवं सांख्यिकी निरीक्षक श्याम लाल ने जिले के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारियों तथा अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों को गहन प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान CMMS पोर्टल, HLBC वेब एप्लीकेशन और HLO मोबाइल ऐप के उपयोग पर पीपीटी (PPT) के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों को डिजिटल एंट्री की बारीकियों और वेब पोर्टलों के व्यावहारिक संचालन का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

उप निदेशक डॉ. पुलकेश शर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 की गुणवत्ता सीधे तौर पर अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने वाले आंकड़ों की शुद्धता पर निर्भर करती है। प्रथम चरण के कार्यक्रम की रूपरेखा के तहत स्व-गणना (Self Enumeration): 1 मई से 15 मई तक। फील्ड कार्य (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना): 16 मई से 14 जून तक होगा।

प्रशिक्षण में प्रपत्रों के सही संधारण, डिजिटल एंट्री, क्षेत्रवार गणना और नागरिकों के साथ प्रभावी संवाद जैसे विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के लिए तैयार की गई कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम, उपखण्ड अधिकारी बीनू देवल, जिला सांख्यिकी अधिकारी शबनम खोरवाल सहित जिले के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा नगर परिषद के अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar News