नारकोटिक्स व पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम व डोडा चूरा पकड़ा

Update: 2026-02-15 12:00 GMT

चित्तौड़गढ़ |राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में नारकोटिक्स विभाग ने दो अफीम किसानों के बाड़ों से भारी मात्रा में अफीम व डोडा चूरा जब्त किया जबकि पुलिस ने भी एक कार से डोडा चूरा बरामद किया है। कार्रवाई से बचने के लिए बंधे पशुओ की चिंता ना कर बाड़े में किसान ने आग भी लगा दी।

नारकोटिक्स विभाग के उपायुक्त नरेश चंदेल ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शनिवार रात्रि विभाग के दल ने जिले के गंगरार क्षेत्र स्थित गांव मानसिंहजी का खेड़ा में एक किसान के बाड़े पर छापा मारा तो अंदर उक्त किसान ने डोडाचूरा से भरी स्कार्पियो नष्ट करने के लिए वहां बंधी भैंसों की चिंता नहीं करते हुए आग लगा भागने का प्रयास किया लेकिन दल ने उसे पकड़ लिया और जवानों ने अपनी जान जोखिम में डाल अंदर कूदकर बाड़े का दरवाजा खोल ना केवल स्कार्पियो को बल्कि भैंसों को भी खोल सुरक्षित बाहर निकाल दिया। स्कार्पियो में रखा कुल 323 किलो 630 ग्राम डोडा चूरा बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इसी तरह विभाग ने शनिवार रात ही जिले के डूंगला क्षेत्र स्थित ग्राम झांझलवास में एक किसान के बाड़े से 9 किलो 570 ग्राम अवैध अफीम तथा 163 किलो 420 ग्राम डोडा चूरा बरामद कर इस किसान को भी गिरफ्तार कर लिया। विज्ञप्ति में दोनों के नाम गुप्त रखे गये।

जिले के बेंगू थाना क्षेत्र में पुलिस के जिला विशेष दल ने शनिवार रात नाकेबंदी के दौरान एक कार की तलाशी में दस कट्टों में भरा 179 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर भीलवाड़ा जिले के दो तस्करों रामधन गुर्जर व हरिओम शर्मा को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि आठ सालों में प्रतिबंधित डोडा चूरा का नष्टीकरण अफीम किसान नहीं करवा रहे है और हमेशा कहते है कि डोडा चूरा तो गल गया कहाँ से लाए।

Similar News