राजसमंद। राज्य सरकार द्वारा गांव-गांव पहुंच कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘पंडित दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा-2025’ संचालित किया जा रहा है। यह अभियान अब तक हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला चुका है। अभियान के दौरान आमजन को उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान मिल रहा है, जिससे लोगों को त्वरित राहत प्राप्त हो रही है।
ग्राम टिकर, ग्राम पंचायत खाखरमाला निवासी पुष्पा और उनके पति किशोर शर्मा पशुपालन कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पुष्पा, उनके पति किशोर शर्मा और एक पुत्र है। पहले किशोर शर्मा गांव से बाहर मजदूरी करने जाते थे, लेकिन अब परिवार सहित गांव में ही रह रहे हैं।
रोजगार की आवश्यकता महसूस होने पर पुष्पा ने स्वयं पंडित दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा शिविर, ग्राम पंचायत खाखरमाला में भाग लिया। शिविर में तत्काल उनका नाम जॉब कार्ड में जोड़ा गया और नरेगा पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि कर दी गई। जॉब कार्ड प्राप्त होते ही पुष्पा प्रसन्न हुई और उन्होंने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
पुष्पा जॉब कार्ड प्राप्त कर अत्यंत प्रसन्न हुई। उन्होंने कहा कि नरेगा के माध्यम से गांव में ही काम मिलने की उम्मीद जागी है। पुष्पा ने राज्य सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से जरूरतमंद लोगों को तुरंत सहायता मिल रही है और गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल वास्तव में गांव-गरीब के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली है।