तपस्वियों का भव्य वंदन: निंबाहेड़ा में प्रभु भक्ति महोत्सव श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न

Update: 2026-02-28 15:10 GMT

निंबाहेड़ा। नगर में वर्षीतप तपस्वियों के वंदन एवं सम्मान के उपलक्ष्य में प्रभु भक्ति महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन पूज्य विदुषी सा. दमिता  म.सा. की शिष्या पूज्य सा. मुक्तिप्रिया  म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम स्वर्गीय   केसरसिंहजी एवं स्वर्गीय  रतनबाई बोड़ाणा की पुण्य स्मृति में उनकी पुत्रवधू  सुमित्रा–सुरेश बोड़ाणा के वर्षीतप के निमित्त रखा गया। इस अवसर पर वर्षीतप तपस्वियों का भावपूर्ण सम्मान एवं तपस्या वंदन किया गया।

शनिवार, 28 फरवरी 2026 को प्रातः 8.30 बजे स्थानीय जैन मंदिर से वर्षीतप मंडल के 50 तपस्वियों की ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पूज्य सा. मुक्तिप्रिया   म.सा. की शुभ निश्रा में माहेश्वरी मोहल्ला स्थित पटवारी भवन पहुंची। यात्रा के दौरान महिलाओं ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत करते हुए “तपस्वी की जय जयकार”, “तपस्या करने वालों को धन्यवाद” एवं “तपस्वी अमर रहे” जैसे गगनभेदी नारों से पूरे वातावरण को धर्ममय बना दिया।

प्रातः 9 बजे ऋषभ वंदना एवं तपस्वी वंदामणि का भव्य आयोजन हुआ। संगीत सेवा श्रेयांशकुमार टक एंड पार्टी, नारायणगढ़ (मध्यप्रदेश) द्वारा प्रदान की गई। भगवान आदिनाथ के भजनों एवं मंत्रोच्चार से भावपूर्ण वातावरण निर्मित हुआ, जिसे उपस्थित वर्षीतप आराधकों एवं समाजजनों ने सराहा। कार्यक्रम का आयोजन निजी आवास, पटवारी भवन, माहेश्वरी मोहल्ला, निंबाहेड़ा में हुआ, जहां बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रावक-श्राविकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंत में आयोजक परिवार की ओर से सुरेश कुमार बोड़ाणा ने साध्वीवृंद, तपस्वियों, समाजजनों एवं सभी पधारे श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन निंबाहेड़ा नगर के धार्मिक जीवन में एक प्रेरणादायक एवं स्मरणीय अवसर के रूप में दर्ज हुआ।

Similar News