इंटेक संस्था ने पद्मिनी पार्क में मनाया गणगौर उत्सव
चित्तौडगढ । नगर परिषद् द्वारा आयोजित पद्मिनी पार्क के गणगौर उत्सव में भारतीय सांस्कृतिक निधि इंटेक संस्था द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और गणगौर संबंधित प्रश्नोत्तरी करके महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
गणगौर उत्सव कार्यक्रम में सजी-धजी महिलाएं पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत कर रही थी। कार्यक्रम में इंटेक की कन्वीनर डॉ. सुशीला लड्ढा ने भारी संख्या में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को गणगौर पर्व की महिमा, महत्व विशेषताओं एवं प्रचलित सांस्कृतिक परंपराओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान इंटेक सदस्य लीला अगाल द्वारा रोचक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें शशि जागेटिया द्वारा सहयोग दिया गया। इस क्विज प्रतियोगिता में महिलाओं ने बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। महिलाओं ने प्रश्नों के जवाब देकर पुरस्कार प्राप्त किये। इंटेक के इस कार्यक्रम ने संपूर्ण वातावरण में जीवंतता का संचार कर दिया, जिससे पूरे पार्क में रोमांच और आनंद का वातावरण बना गया।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सजकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इंटेक के इस कार्यक्रम का उद्देश्य विश्व प्रसिद्ध राजस्थानी संस्कृति एवं परंपराओं को जीवित रखना एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
अंत में सभी महिलाओं और बालिकाओं ने गणगौर माता से सुख-समृद्धि की कामना की।
