DIET चित्तौड़गढ़ में डी.एल.एड. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का इंटर्नशिप प्रशिक्षण सम्पन्न
चित्तौड़गढ़। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) के PSTE प्रभाग द्वारा डी.एल.एड. प्रथम वर्ष के प्रशिक्षु विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को विद्यालयों में इंटर्नशिप के दौरान किए जाने वाले कार्यों, दायित्वों तथा शिक्षण की व्यवहारिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के उद्देश्य, विद्यालय में प्रशिक्षु की भूमिका, कक्षा अवलोकन, पाठ योजना बनाकर कक्षा शिक्षण, टीएलएम के प्रभावी उपयोग तथा प्रतिदिन इंटर्नशिप डायरी लेखन के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों—जैसे प्रार्थना सभा, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों—में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
DIET प्राचार्य राकेश कुमार पारीक ने दूरभाष के माध्यम से प्रशिक्षु विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंटर्नशिप शिक्षक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण चरण है, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक विद्यालयी वातावरण में शिक्षण का अनुभव प्राप्त होता है और वे दक्ष एवं संवेदनशील शिक्षक बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
वाइस प्रिंसिपल नरेंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयपालन और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि यही एक सफल शिक्षक की पहचान है।
PSTE प्रभागाध्यक्ष नीलम प्रजापति ने बताया कि इंटर्नशिप के माध्यम से प्रशिक्षु शिक्षक कक्षा की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हैं और अपने शिक्षण कौशल को व्यवहारिक रूप में विकसित करते हैं।
