सुदूर गांव फुसरिया के बच्चों के खिले चेहरे, संस्था ने भेंट किए स्कूल बैग
चित्तौड़गढ़ । शिक्षा की मुख्यधारा से दूरदराज के क्षेत्रों को जोड़ने की कड़ी में ब्लॉक चित्तौड़गढ़ के ग्राम पंचायत केलझर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फुसरिया में उत्साह के साथ प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस विशेष अवसर पर चित्तौड़गढ़ विक्टर राउण्ड टेबल 361 द्वारा सामाजिक सरोकार निभाते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप स्कूल बैग वितरित किए गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्य शबाना गौरी ने बताया कि जिला मुख्यालय से अत्यंत दूरस्थ और वन क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय तक दानदाताओं का पहुंचना ही अपने आप में एक बड़ी प्रेरणा है। कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा 90 जरूरतमंद बालक-बालिकाओं को स्कूल बैग उपलब्ध कराए गए, ताकि उनका विद्यालय में नामांकन और ठहराव सुनिश्चित हो सके।
अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ विक्टर राउण्ड टेबल के अध्यक्ष हिमांशु समदानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपाध्यक्ष ऋषभ सिसोदिया, पूर्व अध्यक्ष दीपक पगारिया, कोषाध्यक्ष रौनक जैन और समग्र शिक्षा से संदर्भ व्यक्ति (CWSN) हेमेन्द्र कुमार सोनी ने शिरकत की। प्रधानाचार्य द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा
संस्था अध्यक्ष हिमांशु समदानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वन क्षेत्र में निवास करने वाले बच्चों में शिक्षा के प्रति यह जागरूकता देख उन्हें अपार हर्ष हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये बच्चे एक दिन अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सफलता के नए आयाम छुएंगे।
तिलक लगाकर हुआ स्वागत
प्रवेशोत्सव के दौरान नए विद्यार्थियों—प्रिन्स मीणा, विशाल भील, कमलेश भील आदि का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। विद्यालय विकास प्रबंध समिति और स्टाफ ने संस्था के इस उदार सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन गिरधारी लाल व्यास ने किया तथा आभार भैरूलाल मीणा ने जताया। इस दौरान पूरणमल चौधरी, रीना कुमारी, सलीम कुरैशी सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
