विकसित राजस्थान हेतु मुख्यमंत्री शहरी वार्ड अभियान के तहत छह वार्डों में वार्ड सभाएं आयोजित
चित्तौड़गढ़ । नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा “विकसित राजस्थान” के विजन को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुख्यमंत्री शहरी वार्ड अभियान के अंतर्गत बुधवार को शहर के छह वार्डों में वार्ड सभाओं का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत वार्ड संख्या 1, 9, 12, 22, 34 एवं 42 में आयोजित सभाओं में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं तथा विकास से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए।
सभाओं में आमजन से सड़क, नाली, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सुझाव प्राप्त किए गए। साथ ही वार्डों में सुझाव पेटिकाएं भी रखी गईं, जिनमें नागरिकों ने अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव दर्ज कराए।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त सभी सुझावों और आंकड़ों के आधार पर वार्डवार विकास की रूपरेखा तैयार कर मास्टर प्लान बनाया जाएगा, जिससे शहर के समग्र और योजनाबद्ध विकास को गति मिल सके।
9 अप्रैल को भी आयोजित होंगी वार्ड सभाएं
अभियान के अंतर्गत 9 अप्रैल 2026 को भी शहर के विभिन्न वार्डों में वार्ड सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
इनमें वार्ड संख्या 2 – सामुदायिक भवन, सर्वोदय आश्रम (चंदेरिया), वार्ड संख्या 10 – नगर परिषद कार्यालय, वार्ड संख्या 13 – सामुदायिक भवन, कुंभा नगर, वार्ड संख्या 23 – सामुदायिक भवन, हाथी कुंड, वार्ड संख्या 35 – अटल सामुदायिक भवन, गांधीनगर तथा वार्ड संख्या 44 – मीरा मंच, देहली गेट में वार्ड सभाएं आयोजित होंगी।
नगर परिषद ने नागरिकों से इन सभाओं में भाग लेकर अपने क्षेत्र के विकास हेतु सुझाव एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
