चित्तौड़गढ़ पुलिस का 'ऑपरेशन त्रिनेत्र': 85 टीमों की छापेमारी, 52 वांछितों सहित 22 तस्कर गिरफ्तार

Update: 2026-02-22 16:00 GMT

चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने रविवार को 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। आईजीपी उदयपुर के निर्देश पर चलाए गए इस 'एरिया डोमिनेशन' अभियान में जिले की 85 पुलिस टीमों ने एक साथ विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर अपराधियों में हड़कंप मचा दिया।

बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के 9 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई में पुलिस ने 2.344 किलोग्राम अफीम, करीब 83 किलो डोडा चूरा, 2.9 ग्राम स्मैक और 2.75 ग्राम एमडी (मैफेड्रोन) बरामद की है। इन मामलों में तस्करी में लिप्त 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे तस्करी के नेटवर्क और मादक पदार्थों के स्रोत के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।

वांछित अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों पर वार

विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कुल 52 वांछित अपराधियों को हिरासत में लिया है। इनमें 2 इनामी अपराधी और 9 हिस्ट्रीशीटर (HS) शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए अन्य अपराधियों में 3 आबकारी अधिनियम, 5 आर्म्स एक्ट और 7 संपत्ति संबंधी अपराधों में वांछित थे। इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न थानों पर हिस्ट्रीशीटरों को बुलाकर चेकिंग की गई और उनके रिकॉर्ड अपडेट किए गए।

आर्म्स एक्ट और आबकारी में भी कार्रवाई

पुलिस की इस मेगा कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं, आर्म्स एक्ट के 7 मामलों में 7 आरोपियों को पकड़ा गया और जुआ अध्यादेश के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए।

अभियान रहेगा जारी

एसपी मनीष त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराधियों की धरपकड़ और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Similar News