108 तरह के फूलों से सजा खाटू दरबार, 20 फीट ऊंचा डमरू बना आकर्षण का केंद्र

Update: 2026-02-22 16:40 GMT

सीकर। बाबा खाटूश्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले का आज दूसरा दिन है। आज रविवार और सप्ताहांत होने के कारण देशभर से श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ रहा है। आज बाबा श्याम का गुलाबी फूलों से विशेष और मनमोहक श्रृंगार किया गया है, जिसके दर्शन के लिए रींगस से खाटू तक भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

बंगाल के फूलों से सजा दरबार, 20 फीट का डमरू बना आकर्षण

मेले के दूसरे दिन बंगाल से आए विशेष गुलाबी फूलों सहित 108 तरह के विदेशी फूलों से दरबार को सजाया गया है। मंदिर परिसर को लाल और पीले कपड़ों से भव्य रूप दिया गया है। मंदिर के मुख्य द्वार पर बनाया गया 20 फीट ऊंचा डमरू और भोलेनाथ के 12 ज्योतिर्लिंगों की झांकी श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। साथ ही, दरबार में भगवान श्रीकृष्ण की 10 फीट ऊंची बांसुरी बजाती प्रतिमा स्थापित की गई है।

2 से 3 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

मेले के पहले दिन लाखों भक्तों ने बाबा की श्वेत छवि के दर्शन किए थे। आज रविवार होने के कारण देशभर से करीब 2-3 लाख श्रद्धालुओं के खाटू पहुंचने की संभावना है। हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में भक्त हाथों में निशान लिए, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते पहुंच रहे हैं।

सेवा शिविरों और भंडारों की धूम

रींगस-खाटू पदयात्रा मार्ग अब पूरी तरह से 'श्याममय' हो गया है। पूरे खाटू क्षेत्र में दर्जनों भंडारे और सेवा शिविर शुरू हो चुके हैं, जिनकी संख्या मेला परवान चढ़ने तक 500 से अधिक होने की उम्मीद है। प्रशासन ने भी सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

8 दिन तक बाबा देंगे अनवरत दर्शन

प्रशासन के अनुसार, इस बार यह लक्खी मेला आठ दिन का होगा। मंदिर के पट खुलने के बाद से बाबा श्याम रोजाना नए और भव्य श्रृंगार के साथ अपने भक्तों को दर्शन देंगे। वैजयंती माला और मोतियों वाले मुकुट में सजी बाबा की छवि भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही है।

Similar News