पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पीहर पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

Update: 2026-03-18 08:47 GMT

झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ खेतड़ी नगरपालिका की निवर्तमान वाइस चेयरमैन सुनीता देवी ने बुधवार को कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पीहर पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे दहेज के लिए की गई हत्या करार दिया है। गौरतलब है कि सुनीता देवी का वाइस चेयरमैन के रूप में कार्यकाल इसी फरवरी माह में पूरा हुआ था।

मृतका के भाई अर्पित ने बताया कि सुनीता की शादी 13 नवंबर 2013 को खेतड़ी निवासी गजेंद्र के साथ हुई थी। परिजनों का दावा है कि शादी में करीब 40 लाख रुपए खर्च किए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग शुरुआत से ही खुश नहीं थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही सुनीता को स्कार्पियो गाड़ी और 11 लाख रुपए की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। अर्पित के अनुसार, साल 2021 में जब सुनीता ने पार्षद का चुनाव लड़ा, तब भी दबाव बनाकर पीहर से 3 लाख रुपए मंगवाए गए थे।

अवैध संबंधों और धमकियों का आरोप

भाई अर्पित ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि गजेंद्र के जयपुर की एक लड़की से अवैध संबंध थे। वह अक्सर वीडियो कॉल पर बात करता था और वह लड़की भी सुनीता को जान से मारने की धमकी देती थी। बताया गया कि बीते 13 फरवरी को पीहर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान भी गजेंद्र ने विवाद किया था। तीन दिन पहले ही सुनीता ने अपने पिता को फोन कर वहां से ले जाने की गुहार लगाई थी और मांग पूरी न होने पर जान देने की बात कही थी।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। थानाधिकारी ने बताया कि पीहर पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतका के शव को राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Similar News