बाड़मेर को राष्ट्रीय जल पुरस्कार, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी सम्मानित, कलेक्टर टीना डाबी लेंगी दो करोड़ का पुरस्कार

Update: 2025-11-16 18:16 GMT


बाड़मेर। वर्षा जल संचयन और जन भागीदारी के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य के लिए बाड़मेर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। जिले को जल संचय जन भागीदारी पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह सम्मान 18 नवम्बर 2025 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में बाड़मेर को दो करोड़ रुपए दिए जाएंगे। जिले की ओर से यह सम्मान कलेक्टर टीना डाबी ग्रहण करेंगी।

जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि जिले में कैच द रेन अभियान के तहत वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए कई नवाचारी कदम उठाए गए। बड़े पैमाने पर टांका निर्माण कर ग्रामीणों को 3 से 4 माह तक मीठा पेयजल उपलब्ध कराया जा सका। पहले बारिश का अधिकांश पानी बह जाता था, लेकिन इस अभियान के चलते पानी को संरक्षित कर उपयोग में लाया गया। समुदाय की सक्रिय भागीदारी ने इस मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम श्रेणी में स्थान दिलाया है।

डाबी ने बताया कि जिले में कई भवनों की छतों पर वर्षा जल संचयन संरचनाएं स्थापित की गईं। इसके साथ ही झीलों, तालाबों और बावड़ियों का पुनरुद्धार कर प्राकृतिक जल स्रोतों को मजबूत किया गया। जल शक्ति अभियान के तहत देशभर के राज्यों को पांच श्रेणियों में विभाजित कर कम से कम दस हजार कृत्रिम पुनर्भरण और भंडारण संरचनाएं बनाने के लक्ष्य तय किए गए थे, जिनमें बाड़मेर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जिले को मिला यह सम्मान न केवल वर्षा जल संरक्षण में नई पहचान है, बल्कि भविष्य में पेयजल संकट से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि भी माना जा रहा है।

Similar News