टोल वसूली की अवधि बढ़ाने के खिलाफ पदमपुर पूर्णतया बंद, सड़कों पर उतरी जनता

Update: 2026-03-17 11:07 GMT

पदमपुर/श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर-पदमपुर स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स वसूली की अवधि बढ़ाने के सरकारी फैसले के विरोध में आज पदमपुर कस्बा पूरी तरह बंद रहा। टोल बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर आयोजित इस बंद को व्यापार मंडल, किसान संगठनों, युवा क्लबों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का भारी समर्थन मिला। दोपहर तक सभी प्रमुख बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।

संघर्ष समिति के सदस्यों ने शहर में दुपहिया वाहन रैली निकालकर सरकार और टोल कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समिति के प्रमुख सदस्य सुखबीरसिंह फौजी ने कड़े शब्दों में कहा कि इस मार्ग पर टोल की अवधि 1 मार्च को ही समाप्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पिछले दो वर्षों में कई बार अवैध रूप से अवधि बढ़ा चुकी है, लेकिन इस बार जनता किसी भी सूरत में टोल वसूली बर्दाश्त नहीं करेगी।

12 दिनों से टोल फ्री, प्रशासन के साथ वार्ता बेनतीजा

आंदोलन के चलते पिछले 12 दिनों से श्रीगंगानगर-पदमपुर मार्ग के दोनों टोल नाकों को प्रदर्शनकारियों ने 'फ्री' कर रखा है। वाहन चालक बिना टैक्स दिए गुजर रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन और समिति के बीच अब तक दो-तीन दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन लिखित आश्वासन न मिलने के कारण गतिरोध बरकरार है।

नियमों की अनदेखी का आरोप

समिति ने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि मात्र 40 किलोमीटर की दूरी में 20-20 किलोमीटर के फासले पर दो टोल नाके स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। इसके अलावा, टोल कंपनी पर एंबुलेंस, रिकवरी क्रेन और सड़क के उचित रखरखाव जैसी अनिवार्य सुविधाएं न देने के भी आरोप लगाए गए हैं। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही टोल समाप्ति का लिखित आदेश नहीं मिला, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Tags:    

Similar News