दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, रिटायर्ड फौजी की दर्दनाक मौत

Update: 2026-02-18 07:21 GMT

उदयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक रिटायर्ड फौजी की जान चली गई। हादसा सुबह करीब 8 बजे उदयसागर चौराहे के पास कुराबड़ मार्ग पर मस्जिद के समीप हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि फौजी बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे।

थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि मृतक की पहचान परमदा (कुराबड़) निवासी सोहनलाल (60) पुत्र रतनलाल राव के रूप में हुई है। सोहनलाल भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। घटना के समय वे कुराबड़ से उदयपुर किसी डॉक्टर को दिखाने आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पावर बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर लहूलुहान हालत में सोहनलाल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक को भी मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।

परिजनों की रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई

परमदा सरपंच शिवलाल ने बताया कि सोहनलाल सुबह घर से डॉक्टर के पास जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें ग्रास बना लिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News