कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने लेक्रोज प्रशिक्षण शिविर का किया निरीक्षण, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
उदयपुर, । जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने महाराणा प्रताप खेल गांव में आयोजित लेक्रोज प्रशिक्षण शिविर का दौरा कर खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति उनके जुनून की सराहना की।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि लेक्रोज जैसे उभरते हुए खेल में युवाओं की सक्रिय भागीदारी गर्व की बात है और यह खेल भविष्य में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनके अनुभव, चुनौतियों और तैयारियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर अभ्यास और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलक्टर ने विशेष रूप से उन खिलाड़ियों की प्रशंसा की, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
अपने संबोधन में उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने शानदार प्रदर्शन से उदयपुर और देश का नाम और ऊंचा करेंगे।
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
