आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: प्रदेश में 2 लाख लीटर से अधिक वॉश नष्ट, 605 गिरफ्तार
उदयपुर । राजस्थान में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत मार्च माह में प्रदेश स्तर पर व्यापक कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि इस अभियान के दौरान विभाग ने 2,05,146 लीटर अवैध वॉश को नष्ट कर शराब माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त किया है।
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च महीने में राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 820 मामले दर्ज किए गए, जिनमें त्वरित कार्रवाई करते हुए 605 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध मदिरा भी जब्त की गई है, जिसमें 8,114 बोतल भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL), 4,168 बोतल देशी मदिरा, 4,621 बोतल अवैध मदिरा और 10,566 बोतल बीयर शामिल हैं।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि परिवहन पर रोक लगाने हेतु 20 वाहनों को भी सीज किया गया है। इनमें 12 दुपहिया, 6 हल्के चार पहिया और 2 भारी चार पहिया वाहन शामिल हैं। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब के काले कारोबार में शामिल अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।