उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था को करें मजबूत - जिला कलक्टर

By :  vijay
Update: 2026-04-07 18:40 GMT

 

उदयपुर, । जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों तथा नायब तहसीलदारों की बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई।

प्रारंभ में जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए संबंधित क्षेत्रों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम ने अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों, प्रमुख बजट घोषणाओं की प्रगति, बड़े प्रगतिरत विकास कार्यों आदि का फीडबैक लिया। उन्होंने प्रति माह होने वाली राजस्व अधिकारियों की बैठक को लेकर अपेक्षित सूचनाएं निर्धारित फार्मेट में समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत दिशा निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को प्रति माह के द्वितीय गुरूवार को होने वाली उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई को व्यवस्थित ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपखण्ड स्तर से निस्तारण प्रकरणों के लिए आमजन को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल को भी गंभीरता से लेने तथा परिवेदनाओं का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने तथा हर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक प्रमुख घटना की सूचना तत्काल देने के लिए भी पाबंद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहर वार्ड अभियान की प्रगति की भी जानकारी लेते हुए वार्ड सभाओं में प्लान अनुमोदन कराकर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर मतदाता सूची प्रकाशन कार्य की भी जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण, गोगुन्दा एसडीएम शुभम् भैसारे, प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास सहित सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

Similar News