आरपीएससी द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शहर में दूसरे दिन भी शांतिपूर्ण सम्पन्न
उदयपुर, । राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन उदयपुर में दूसरे दिन भी पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि सोमवार को परीक्षा की पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित हुई। इस पारी में कुल पंजीकृत 33 हजार 155 अभ्यर्थियों में से 18 हजार 472 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 14 हजार 683 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति प्रतिशत 55.71 रहा। उन्होंने बताया कि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। इसमें भी कुल 33 हजार 155 अभ्यर्थियों में से 18 हजार 377 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 14 हजार 778 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में उपस्थिति प्रतिशत 55.42 दर्ज किया गया। यह परीक्षा शहर के कुल 105 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई, जहां सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी एवं फ्लाइंग स्क्वॉड द्वारा लगातार निरीक्षण किया गया, जिससे परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई। प्रशासन की सतर्कता एवं समन्वित प्रयासों के चलते दोनों पारियों में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न होने से अभ्यर्थियों ने भी संतोष व्यक्त किया।