जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने किया आरएनटी मेडिकल कॉलेज व संबद्ध चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण
उदयपुर। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने मंगलवार सुबह आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
ओपीडी और जांच प्रणाली का अवलोकन
कलक्टर ने ओपीडी में मरीजों को पर्ची वितरण, डॉक्टर परामर्श, दवा वितरण और जांच प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने क्यूआर कोड आधारित जांच रिपोर्ट प्रणाली की सराहना की और स्वयं स्कैन कर प्रक्रिया को समझा। मेडिसिन ओपीडी में टोकन व्यवस्था देखने के बाद उन्होंने वरिष्ठ नागरिक, सर्जरी, नेत्र, ईएनटी और मेडिकल ज्यूरिस्ट विभागों का भी दौरा किया। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उन्होंने प्लास्टिक सर्जरी व एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के मरीजों से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया।
नवाचारों की सराहना और 'सेतु' प्रणाली
आरएनटी प्रशासन ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन 8 से 12 हजार मरीज ओपीडी में आते हैं। कलेक्टर ने "मेरा अस्पताल मेरी जिम्मेदारी" अभियान के तहत शिकायत एवं सुझाव हेतु क्यूआर कोड प्रणाली और 'सेतु' प्रणाली (गंभीर मरीजों की रियल टाइम मॉनिटरिंग) की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने जनाना चिकित्सालय के नए भवन निर्माण को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निजी एम्बुलेंस और अवैध पार्किंग पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन ने परिसर में 70-80 निजी एम्बुलेंसों के जमावड़े और अवैध पार्किंग की समस्या उठाई। बताया गया कि कुछ निजी वाहन चालक मरीजों को गुमराह कर निजी अस्पतालों में ले जाते हैं। कलक्टर ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. राहुल जैन, अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।