महिला सुधार गृह में कैट वुमेन विंग उदयपुर द्वारा स्किल डेवलपमेंट क्लास शुरू करने की पहल

Update: 2026-03-09 09:49 GMT

 उदयपुर । महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करते हुए कैट वुमन विंग उदयपुर द्वारा महिला सुधार गृह में स्किल डेवलपमेंट क्लास शुरू करने की पहल की गई। इस अवसर पर महिला सुधार गृह की जेलर, वार्डन सहित समस्त स्टाफ का कैट वुमेन विंग उदयपुर की ओर से सम्मान भी किया गया।

कैट वुमेन विंग उदयपुर अध्यक्ष एवं कैट नेशनल कमेटी मेंबर विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि कैट द्वारा अपने सदस्यों के व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज के उन वर्गों तक भी पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य के साथ महिला सुधार गृह में सजा काट रही महिलाओं को स्वाभिमान के साथ जीवन जीने और आत्मनिर्भर बनने के लिए स्किल डेवलपमेंट कोर्स एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम शुरू करने की योजना बनाई गई है।

स्किल डेवलपमेंट डायरेक्टर सुषमा कुमावत के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में महिला सुधार गृह में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वहां मौजूद लगभग 100 महिला बंदियों से संवाद किया गया। संवाद के दौरान यह पाया गया कि उनमें कई प्रकार की प्रतिभाएं और हुनर मौजूद हैं।

कार्यक्रम में प्रशिक्षक लज्जा एवं योगिनी दक के मार्गदर्शन में महिलाओं को बैग, एप्रन, रोटी कवर, पर्स, डेकोरेटिव पोटली, डेकोरेटिव दीपक, क्रोशिए के फूल, बैग और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुएं तैयार कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर महिलाओं को सकारात्मक सोच और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रेरित किया गया तथा उन्हें जीवन में नई दिशा के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में महिला बंदियों को मिठाई, नमकीन एवं बिस्किट वितरित कर महिला दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में स्किल डेवलपमेंट डायरेक्टर सुषमा कुमावत, उर्मिला जैन, कल्पना चोरडिय़ा एवं चयनिका गलूंडिया उपस्थित रहीं। कैट विमेन विंग सचिव डॉ. सोनू हैं ने बताया कि इस अवसर पर महिला सुधार गृह की जेलर हिना, वार्डन माया तथा वहां के समस्त स्टाफ का भी कैट वुमेन विंग की ओर से महिला दिवस के उपलक्ष्य में सम्मान किया गया।

Similar News