राजस्थान दिवस सप्ताह उद्यमियों से संवाद, योजनाओं की दी जानकारी
उदयपुर, । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश भर में मनाए जा रहे राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट के मिनी सभागार में जिला स्तरीय उद्यमी संवाद कार्यक्रम हुआ। जिला कलक्टर नमित मेहता के आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में जिले के प्रमुख उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इस दौरान जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
प्रारंभ में जिला उद्योग एवं वाणिज्यिक केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने जिले में उद्योगों के विकास के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उद्यमियों ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों एवं पहलों की जानकारी प्राप्त की। जिला कलक्टर मेहता ने अपने संबोधन में उद्यमियों से राज्य सरकार की विभिन्न उद्यम विकास योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़ तथा बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
उद्यमियों ने सांझा किए अनुभव
जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रम के दौरान जिले के उद्यमियों ने राज्य सरकार की योजनाओं से प्राप्त लाभ तथा जिला उद्योग केंद्र की ओर से मिले सहयोग के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से न केवल उनके व्यवसाय को मजबूती मिली है, बल्कि रोजगार सृजन के नए अवसर भी विकसित हुए हैं। उद्यमियों सरकार और प्रशासन से अपनी अपेक्षाएं भी व्यक्त की।