उदयपुर । कुमार मिनरल्स नाम की फैक्ट्री में महिला मजदूर की मौत हो गई। महिला की साड़ी मशीन के रोलर में आने से खिंचती चली गई और मौके पर ही मौत हो गई। इस फैक्ट्री में ही काम करते हुए महिला के पति का भी हाथ कटा था। हादसा डबोक थाना क्षेत्र का है।
थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया- गुडली स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में मिनरल्स फैक्ट्री है। इसमें सॉप स्टोन का पाउडर बनाने का काम होता है। बुधवार तड़के 3 बजे काम के दौरान महिला कमला मीणा निवासी प्रतापगढ़ की मौत हुई है। परिजन और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की। दोनों पक्षों के बीच 11 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बनी। वहीं फैक्ट्री रातभर चलने की अनुमति है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।