तेज रफ्तार का कहर: सड़क किनारे सब्जी बेच रही दो महिलाओं को घसीटती हुई कार खाई में गिरी, दोनों की मौत
उदयपुर। गोगुंदा थाना क्षेत्र के गोगुंदा–पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम करीब 5:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे सब्जी बेच रही दो महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईसवाल गांव के पास घसियार मंदिर से करीब 200 मीटर पहले सड़क किनारे दो महिलाएं जमीन पर बैठकर सब्जियां बेच रही थीं। इस दौरान गोगुंदा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और दोनों महिलाओं को कुचलते हुए करीब 20 फीट तक घसीट ले गई।कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। इसके बाद कार डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे बनी 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। महिलाएं भी कार के साथ खाई में जा गिरीं।
हादसे में **मांगली बाई (50) पत्नी खेमा राम** और **नोजी बाई (48) पत्नी पोखरलाल गमेती**, निवासी खुमानपुरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार **विनय (30) और मुरारी (35) निवासी भुवाना (उदयपुर)** गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी **श्याम सिंह चारण** पुलिस बल के साथ पहुंचे और भीड़ हटाकर ट्रैफिक सुचारू कराया।