उदयपुर मंडल के उभरते सितारे मिहिर सोनी का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा: रजत और कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान
उदयपुर । हाल ही में चेन्नई में आयोजित 38वीं अखिल भारतीय डाक विभागीय खेल प्रतियोगिता में उदयपुर शास्त्री सर्कल डाकघर में कार्यरत डाक सहायक मिहिर सोनी ने 71 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 216 किलोग्राम वजन उठाकर राजस्थान डाक विभाग सर्कल के लिए रजत पदक अर्जित किया।
डाक मण्डल के प्रवर अधीक्षक अक्षय भानुदास गाडेकर ने बताया कि मिहिर सोनी ने इसके अतिरिक्त, चंडीगढ़ में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विस वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में राजस्थान डाक विभाग सर्कल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 71 किलोग्राम भार वर्ग में स्नैच में 102 किलोग्राम एवं क्लीन एंड जर्क में 122 किलोग्राम, कुल 224 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक प्राप्त किया।
डाक मण्डल के प्रवर अधीक्षक ने मिहिर सोनी की इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विजेता खिलाड़ी को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा भविष्य में विभागीय खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक खेल उपकरण एव अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। प्रतियोगिताओं में अन्य प्रतिभागियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए विभाग की प्रतिष्ठा में वृद्धि की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में खेल भावना, अनुशासन एवं उत्साह को प्रोत्साहित करती हैं।