उदयपुर की पहाड़ियों में काल बनी आग: रतलाम के पर्यटक की दम घुटने से मौत, बाहुबली हिल का 3 हेक्टेयर हिस्सा राख
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के जंगलों में सोमवार रात लगी भीषण आग ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बाहुबली हिल क्षेत्र की पहाड़ियों में घूमने गया मध्य प्रदेश के रतलाम का एक पर्यटक आग की लपटों और धुएं के बीच फंस गया, जिसकी मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस अग्निकांड में जंगल का करीब 3 हेक्टेयर हिस्सा जलकर खाक हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतलाम जिले की जावरा तहसील के ऊपरवाड़ा निवासी माखन सिंह (33) सोमवार रात अकेले ही बाहुबली हिल की पहाड़ी पर घूमने निकला था। इसी दौरान जंगल में अचानक आग धधक उठी। खुद को लपटों से घिरा देख माखन ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर इसकी सूचना दी, लेकिन जब तक रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचती, घना धुआं फेफड़ों में भरने के कारण वह बेहोश हो चुका था।
दमकल विभाग और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद माखन को बेसुध हालत में महाराणा भूपाल (MB) अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने बताया कि प्राथमिक रूप से मौत का कारण दम घुटना सामने आया है, हालांकि विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल पाएगी। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे माखन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी बी.एल. चौधरी ने बताया कि आग इतनी विकराल थी कि पूरी पहाड़ी काले धुएं के गुबार में तब्दील हो गई थी। करीब आधे किलोमीटर के दायरे में जंगल पूरी तरह जल चुका है। रात 12 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन एहतियात के तौर पर टीमें रातभर मौके पर तैनात रहीं।
मृतक माखन सिंह एक हार्वेस्टर शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था और घर से घूमने की बात कहकर निकला था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वह अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
