टोंक में सेना की कैंटीन शुरू: भीलवाड़ा और सवाई माधोपुर के पूर्व सैनिकों को मिलेगी बड़ी राहत

Update: 2026-03-02 02:21 GMT

 

जहाजपुर (हलचल)। पड़ोसी जिला मुख्यालय टोंक में सेना की कैंटीन (एक्सटेंशन काउंटर चिंकारा कैंटीन) खुलने से अब टोंक सहित भीलवाड़ा और सवाई माधोपुर जिले के हजारों सेवारत सैनिकों, रिटायर्ड सैनिकों और वीरांगनाओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस नई व्यवस्था का लाभ विशेष रूप से भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर तहसील और सवाई माधोपुर जिले की बरवाड़ा तहसील के पूर्व सैनिकों को मिलेगा।

अब नहीं जाना पड़ेगा जयपुर-अजमेर

अब तक जिले में कैंटीन सुविधा न होने के कारण सैनिकों और उनके आश्रितों को घरेलू सामान और अन्य सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय कर जयपुर, अजमेर या कोटा जाना पड़ता था। इससे न केवल समय की बर्बादी होती थी, बल्कि उन्हें आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता था। टोंक में कैंटीन खुलने से अब इन सभी की समय और धन दोनों की बचत होगी।

लंबे समय से की जा रही थी मांग

पूर्व सैनिकों और सैन्य संगठनों द्वारा टोंक में कैंटीन खोलने की मांग लंबे समय से सेना प्रबंधन से की जा रही थी। सेना प्रबंधन द्वारा इस मांग को स्वीकृति देने के बाद अब यह सुविधा विधिवत रूप से शुरू कर दी गई है।

उद्घाटन अवसर पर ये रहे मौजूद

कैंटीन के शुभारंभ के अवसर पर ऑनरेरी कैप्टन गोपाल सिंह (मैनेजर, एक्सटेंशन काउंटर चिंकारा कैंटीन टोंक) एवं उनका समस्त स्टाफ मौजूद रहा। साथ ही कैप्टन पूरण वीर सिंह, सूबेदार मुकेश जाट, सूबेदार रामलाल यादव, सूबेदार रामकिशन यादव, हवलदार हंसराज गुर्जर, हवलदार जगमोहन चौधरी, हवलदार सत्यनारायण जाट और सुरेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455

Similar News